दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कई अन्य राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। आज के मौसम का हाल जानें।
मौसम विभाग ने आज, 24 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक के इलाकों में मौसम खराब हो सकता है। वहीं, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हवा की गति 70 से 75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा है।
**दिल्ली और यूपी के लिए बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट**
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 से 26 सितंबर के बीच बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आज हवा की गति 25 से 30 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। लखनऊ, प्रयागराज, आजमगढ़, सुल्तानपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, बलिया, रायबरेली और सोनभद्र जैसे जिलों में मौसम खराब रह सकता है। कुछ जगहों पर हवा की गति 60 से 65 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
**बिहार और झारखंड में खराब होगा मौसम**
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की उम्मीद है, जिनमें पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, सुपौल और अररिया शामिल हैं।
वहीं, झारखंड में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और गिरिडीह के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
**पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा**
उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और सोलन के लिए भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।
आंध्र और ओडिशा में 75 km/h की रफ़्तार से चलेंगी हवाएं
आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में हवा की रफ़्तार 70 से 75 km/h तक पहुँच सकती है। समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।