मुजफ्फरनगर पहुँचे केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने वोट चोरी को लेकर कहा कि विपक्ष बिहार में वोट चोरी का आरोप लगाकर डर फैला रहा है। चुनाव आयोग की यह प्रक्रिया पहले से चली आ रही है।
यूपी के मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुँचे केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर चौंकाने वाली बात कही है।
उनका कहना है कि उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की जीत होगी। उन्होंने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि विपक्ष के कई सांसद हमारे संपर्क में हैं जो एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार के पक्ष में वोट करेंगे।
वोट चोरी को लेकर क्या बोले जयंत चौधरी?
वोट चोरी को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्ष बिहार में वोट चोरी का आरोप लगाकर डर फैला रहा है। चुनाव आयोग की यह प्रक्रिया पहले से चली आ रही है। गाँव से शहर जाने वाले लोग दो जगहों पर वोट देते हैं और प्रधानी के चुनाव में भी लोग गाँव में वोट देने आते हैं। यह चुनाव निष्पक्ष होगा। विपक्ष बेवजह डर फैला रहा है।
केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी के सरलीकरण पर उन्होंने कहा कि इससे किसानों को भी लाभ होगा, महंगे दामों पर मिलने वाले ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों को अब राहत मिलेगी, किसान सरकार के हर फैसले पर नज़र रखते हैं।
अपने पुराने बयान पर भी दी सफाई
मुजफ्फरनगर दौरे पर आए चौधरी जयंत सिंह ने अपने पुराने बयान पर कहा था कि मेरी भी कुछ पाबंदियाँ हैं और किसान जो भी फैसला लेंगे, मैं उनके साथ हूँ। इस पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह राज्य सरकार के प्रतिनिधि नहीं हैं, गन्ना मूल्य बढ़ाना राज्य सरकार का काम है।
वह सरकार से संपर्क करके किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे, मेरी पाबंदियाँ किसानों के लिए नहीं हैं, नैतिक रूप से उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरी ज़िम्मेदारी है।
बता दें कि शामली ज़िले के कनियान गाँव में चौधरी जयंत ने अपनी राज्यसभा निधि से 25 लाख रुपये की राशि देकर खिलाड़ियों के खेलने के लिए तीन सेट बनवाए हैं, वह इसी का उद्घाटन करने शामली आए थे।