भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बिहार एसआईआर विवाद को लेकर कांग्रेस और गांधी परिवार पर हमला बोला और कहा कि राहुल गांधी की यात्रा असल में 'घुसपैठियों बचाओ यात्रा' बन गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी में 'हताशा' है। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की यात्रा असल में 'घुसपैठियों बचाओ यात्रा' बन गई है।
पात्रा ने कहा कि झारखंड के वरिष्ठ मंत्री इरफान अंसारी और बंगाल के एक टीएमसी नेता के बयान बेहद आपत्तिजनक हैं, जिन पर अदालत को संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहारियों की तुलना बीड़ी से की गई और उन्हें 'पापी' कहा गया, जो पूरे बिहार का अपमान है। इसके साथ ही उन्होंने श्रीनगर के हजरतबल में अशोक के प्रतीक को तोड़े जाने की घटना को 'सम्राट अशोक और बिहार का अपमान' करार दिया।
'कांग्रेस नेता ने बिहार की जनता का अपमान किया'
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी को ऊँचा दिखाने के लिए कांग्रेस प्रवक्ता ने बिहार की जनता का अपमान किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'क्या बिहार की जनता बीमार है? क्या राहुल गांधी को संक्रमण हो जाएगा?' पात्रा ने कहा कि बिहारी मेहनती होते हैं, ईमानदारी से कमाते हैं इसलिए पसीने से भीग जाते हैं। 'बिहारी के कपड़े भले ही फटे हों, उसे पसीना आता हो, लेकिन उसका दिल सोने का होता है।'
कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार
वहीं, विपक्षी दलों ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा केवल भावनाएँ भड़काने और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि भाजपा बिहार में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं पर बात करने से बच रही है और केवल राहुल गांधी के दौरे को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।