दिल्ली में आयोजित इस कार्यशाला में जब पीएम मोदी पहुँचे, तो उन्होंने आगे की सीट की बजाय पिछली पंक्ति को चुना। इस दौरान उन्होंने एक आम सांसद की तरह कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (7 सितंबर) को संसद परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी का एक अनूठा उदाहरण देखने को मिला। एनडीए सांसदों की कार्यशाला में पीएम मोदी सबसे आखिरी पंक्ति में बैठे नज़र आए, उनकी यह तस्वीर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शेयर की है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी की यह तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- "भाजपा में नेता और कार्यकर्ता सभी समान हैं!" एनडीए सांसदों की कार्यशाला में किनारे वाली सीट पर सादगी से बैठे पीएम मोदी की यह विनम्रता और सहजता सभी को हैरान और प्रभावित कर रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी पीएम मोदी की यह तस्वीर खूब शेयर की जा रही है। कई भाजपा नेता भी इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित इस कार्यशाला में जब पीएम मोदी पहुँचे, तो उन्होंने आगे की सीट की बजाय पिछली पंक्ति को चुना। इस दौरान उन्होंने एक साधारण सांसद की तरह कार्यक्रम में हिस्सा लिया और चर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यशाला के दौरान, भाजपा सांसदों ने ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों और दरों में कटौती (जीएसटी 2.0) के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया। सांसदों ने कहा कि सरकार के फैसलों से देश की अर्थव्यवस्था को गति मिली है और आम लोगों को सीधा लाभ हुआ है।
पीएम मोदी की सादगी ने सभी को प्रभावित किया
पिछली पंक्ति में बैठे पीएम मोदी की सादगी ने वहां मौजूद सभी लोगों को प्रभावित किया। इससे यह संदेश गया कि भाजपा में हर सांसद और कार्यकर्ता समान है। राजनीति में हर तस्वीर का अपना महत्व होता है और इस घटना को पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक प्रतीकात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।