- अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने एक साथ उठाई आवाज, 'लड़ाई लड़नी होगी'

कांग्रेस ने चुनाव आयोग और भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाया है। इसे लेकर राजस्थान की राजधानी जयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अशोक गहलोत और सचिन पायलट मौजूद रहे।

कांग्रेस पार्टी 'वोट चोरी' के मुद्दे पर लगातार आक्रामक दिख रही है। पार्टी ने अब इस मुद्दे पर राज्यों में प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। जयपुर में कांग्रेस पार्टी ने बुधवार (13 अगस्त) को वोट चोरी के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। यह विरोध मार्च जयपुर स्थित कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यालय से शहीद स्मारक तक निकाला गया।

राजस्थान कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं ने विरोध मार्च में भाग लिया और चुनाव आयोग व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास समेत कई नेता और कार्यकर्ता इस विरोध मार्च में शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस विरोध मार्च में भारी भीड़ जुटाकर पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन भी किया। विरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए हुए थे। ये लोग लगातार नारे लगाते हुए चल रहे थे। विरोध मार्च में पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट दिखाई दी। जयपुर के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों से भी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में आए थे।

कांग्रेस पार्टी ने राजस्थान में वोट चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसके तहत कल 14 अगस्त को शाम 7 बजे कैंडल मार्च निकाला जाएगा। विरोध मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और महासचिव सचिन पायलट ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। गहलोत और पायलट ने कहा कि वोट चोरी करके लोकतंत्र से छेड़छाड़ की जा रही है।

लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास- कांग्रेस

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए उन्हें संघर्ष करना होगा। लोकतंत्र बचाने के लिए उन्हें आगे आना होगा। राहुल गांधी द्वारा किए गए खुलासे और उनके द्वारा शुरू किए गए अभियान को आगे बढ़ाना होगा।

हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विरोध मार्च के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। हालांकि, कांग्रेस पार्टी का यह विरोध मार्च शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी राजधानी जयपुर के साथ-साथ अन्य जिलों में भी विरोध मार्च निकालने की तैयारी कर रही है।

Comments About This News :

खबरें और भी हैं...!

वीडियो

देश

इंफ़ोग्राफ़िक

दुनिया

Tag