दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें कासिम और बिंदु देवी को गिरफ्तार किया गया है। 80 लाख रुपये की हेरोइन जब्त की गई है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की टीम की कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और तीन फोन बरामद किए गए। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में कासिम और कुख्यात महिला तस्कर बिंदु देवी को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बिंदु देवी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में आरोपी रही है और जुलाई 2024 तक शाहदरा पुलिस के आदेश पर उसे दिल्ली से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बावजूद, उसने अपने दामाद आरिफ उर्फ समीर के माध्यम से गुरुग्राम में रहकर नशे का कारोबार जारी रखा।
दिल्ली पुलिस ने रणनीति के तहत कार्रवाई की
29 जुलाई को दिल्ली पुलिस की टीम को एक खुफिया सूचना मिली, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने सीमापुरी इलाके से काशिम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान, दिल्ली पुलिस को उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन मिली। दिल्ली पुलिस द्वारा पूछताछ में उसने बताया कि वह बिंदु देवी के लिए काम करता है। इसके बाद, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और काशिम की सूचना के आधार पर, पुलिस ने 3 अगस्त को गुरुग्राम के सैनी खेड़ा गाँव से बिंदु देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास से भारी मात्रा में नगदी मिली, जो उसने नशीली दवाओं के कारोबार से अर्जित की थी। उसकी सूचना पर, सीमापुरी से और हेरोइन बरामद की गई।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी काशिम पहले एक हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था और नशे की लत लगने के बाद वह तस्करी में शामिल हो गया। बिंदु देवी का पति और बेटा भी नशे के आदी हैं। वह तीन मामलों में आरोपी है। जिनमें से दो एनडीपीएस एक्ट के तहत हैं। दिल्ली से निकाले जाने के बाद भी, बिंदु देवी तस्करी में सक्रिय रही। दिल्ली पुलिस फरार आरोपी आरिफपुर समीर और उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।