मिश्री लाल यादव दरभंगा के अलीपुर से विधायक हैं। 2020 में मिश्री लाल यादव ने विकासशील इंसान पार्टी से चुनाव जीता था। 2022 में उन्होंने पाला बदल लिया और भाजपा में शामिल हो गए।
मंगलवार (12 अगस्त, 2025) को जब भाजपा विधायक मिश्री लाल यादव तेजस्वी यादव के सरकारी आवास के बाहर देखे गए, तो चर्चा शुरू हो गई कि क्या वह राजद से टिकट लेना चाहते हैं? तेजस्वी यादव के सरकारी आवास के बाहर उनके बेटे सुरक्षाकर्मियों से बात करते दिखे। बताया जा रहा है कि तेजस्वी के आवास के सामने थोड़ी दूरी पर एक बड़ी काली कार खड़ी थी जिसमें मिश्री लाल यादव खुद बैठे थे।
विधायक मिश्री लाल यादव ने क्या कहा?
कहा जा रहा है कि मीडिया को देखकर भाजपा विधायक तेजस्वी यादव से नहीं मिले। हालांकि, भाजपा विधायक मिश्री लाल यादव ने फ़ोन पर कहा, "मेरे बारे में झूठी ख़बरें फैलाई जा रही हैं। मैं तेजस्वी के आवास के पास वाली कार में नहीं था। मैं किसी काम से पटना हाईकोर्ट गया था, उसके बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र लौट रहा हूँ। मुझे नहीं पता कि मेरा बेटा तेजस्वी के आवास गया था या नहीं। मेरी उससे कोई बात नहीं हुई है।"
मिश्री लाल यादव के बारे में जानें
वे दरभंगा के अलीपुर से विधायक हैं। मिश्री लाल यादव की गिनती दिग्गज नेताओं में होती रही है। वे 2003 से 2009 तक बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रहे हैं। उन्होंने 2020 का बिहार विधानसभा चुनाव विकासशील इंसान पार्टी से जीता था। 2022 में उन्होंने पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया।
मिश्री लाल यादव का विवादों से भी नाता रहा है। मिश्री लाल यादव की सदस्यता 20 जून 2025 को समाप्त कर दी गई थी। 27 मई 2025 को दरभंगा की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें एक पुराने मामले में दो साल की सज़ा सुनाई थी। इसके बाद मिश्री लाल यादव ने पटना हाईकोर्ट में अपील की। 18 जुलाई को हाईकोर्ट ने दरभंगा की एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। इसके बाद उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई।